झारखंड में तीन अस्पतालों को कॉर्निया ट्रांसप्लांट की मंजूरी, एमजीएम में स्थापित होगा आई बैंक

Health

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की एडवाइजरी कमेटी ने तीन अस्पतालों को कॉर्निया प्रत्यारोपण (कॉर्निया ट्रांसप्लांट) से संबंधित सेवाओं के लिए मंजूरी दी है। यह निर्णय मंगलवार को नेपाल हाउस में आयोजित ट्रांसप्लांटेशन ऑफ ह्यूमन ऑर्गन्स (अमेंडमेंट) एक्ट, 2011 के तहत गठित सलाहकार समिति (एडवाइजरी कमेटी) की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने की। बैठक में राज्य के पांच अस्पतालों की ओर से प्रस्तुत पंजीकरण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

तकनीकी और कानूनी मानकों की समीक्षा के बाद समिति ने टाटा मेन हॉस्पिटल तथा आईरिस सुपर स्पेशलिटी आई केयर सेंटर को कॉर्निया ट्रांसप्लांट के लिए पांच वर्षों का पंजीकरण प्रदान करने का निर्णय लिया। वहीं एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को कॉर्निया प्रत्यारोपण सेवाओं के साथ आई बैंक की स्थापना और संचालन की भी अनुमति दी गई। बैठक में प्रस्तुत अन्य प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। हालांकि लोकनायक जयप्रकाश नारायण आई हॉस्पिटल तथा कोडरमा रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रस्तावों को आवश्यक प्रशिक्षित मानव संसाधन और उपकरण संबंधी मानकों की कमी के कारण स्वीकृति नहीं दी गई। समिति ने इन संस्थानों को निर्धारित मानकों को पूरा करने के बाद पुनः आवेदन करने की सलाह दी। बैठक को संबोधित करते हुए अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण सेवाओं का विस्तार गुणवत्ता, पारदर्शिता और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के मरीजों को प्रत्यारोपण संबंधी बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं झारखंड में ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें और सरकार की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारें। स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और पहुंच बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। बैठक में डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के विशेषज्ञ चिकित्सक, विधि विशेषज्ञ तथा एडवाइजरी कमेटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

Spread the love