पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर हवाई हमला, 22 आतंकियों की मौत

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हवाई हमला करके 22 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। तालिबान सरकार ने कहा कि पाकिस्तान के हवाई हमले में नौ आम नागरिकों की मौत हो गई। द न्यूज और द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि यह हमले ऑपरेशन गजब-ल-हक का हिस्सा हैं। वायु सेना के विमानों ने आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया गया। इस हमले में शिविरों में एकत्र हथियार और गोला-बारूद भी नष्ट हो गया। मंत्रालय ने चिंता व्यक्त की कि अफगानिस्तान आतंकवाद का केंद्र बना हुआ है।

इसके अलावा, रक्षा सूत्रों ने आज बताया कि सुरक्षा बलों ने बलोचिस्तान के कच्छी जिले में छह आतंकवादियों को मार गिराया। सूत्रों के अनुसार, इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया। इस दौरान आतंकवादियों के कई ठिकानों व सुरंगों को नष्ट कर दिया गया। तालिबान सरकार का कहना है कि गुरुवार को अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक में तीन स्थानों को लक्ष्य किया गया। इस दौरान नौ लोगों की मौत हो गई। अफगान तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने ‘एक्स’ पर कहा कि कुनार और हेलमंद प्रांतों में हुए हमलों में मारे गए लोगों में औरतें और बच्चे भी शामिल हैं और 11 और लोग घायल हुए हैं।

Spread the love