लोडेड इटालियन पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस समेत हथियार व मोटरसाइकिल बरामद
Bhaskar Upadhyay
हजारीबाग: पदमा ओपी क्षेत्र में रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो, उम्र 40 वर्ष, पिता जगदीश महतो, ग्राम सुरजपुरा गली नंबर-01, पदमा ओपी क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 6 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा शेविंग कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधकर्मियों ने उन पर दो राउंड गोली चलाई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मामले के उद्भेदन व आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम जिहु में छापेमारी कर कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से फायर की गई एक लोडेड इटालियन पिस्टल बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा के साथ उसका पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण बदला लेने के उद्देश्य से उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, आठ जिंदा गोली, दो मिस फायर गोली, दो खोखा, एक मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बरही (पदमा) थाना में वर्ष 2020 के दो मामले, सरायकेला आरआईटी थाना में वर्ष 2024 का मामला व वर्ष 2014 का एक अन्य मामला दर्ज है। छापेमारी दल में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार सोरेन, संदीप कुमार सहित पदमा ओपी के सशस्त्र बल तथा तकनीकी शाखा व संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
