Eksandeshlive Desk
खूंटी: कठिन परिस्थितियों को पीछे छोड़कर क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली खूंटी की रिया कुमारी ने जिले का नाम रोशन किया है। खूंटी जिला क्रिकेट संघ की होनहार महिला क्रिकेटर रिया कुमारी का चयन जेएससीए की झारखंड अंडर-19 महिला स्टेट टीम में हुआ है। उनके चयन की खबर मिलते ही जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। रिया 2 सितंबर को रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम में रिपोर्ट करेंगी। इसके बाद 3 सितंबर को झारखंड की टीम पुडुचेरी के लिए रवाना होगी। वहां 5 से 15 सितंबर तक आयोजित होने वाले अंडर-19 महिला अंतर-राज्य टी-20 टूर्नामेंट सीकेम ट्रॉफी 2026 में रिया झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। जिले के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि रिया ने सीमित संसाधनों और पारिवारिक कठिनाइयों के बीच अपने खेल को निखारा है।
बचपन में पिता का साया उठ जाने के बाद भी रिया ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने लगातार अभ्यास और कड़ी मेहनत के दम पर क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई। तेज गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी और फील्डिंग में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। मैदान पर उनकी चपलता और बेहतरीन फील्डिंग टीम के लिए मजबूत पक्ष मानी जाती है। कोच जीतू कुमार ने बताया कि रिया प्रतिभावान तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर हैं। उन्होंने कहा कि रिया लगातार मेहनत कर अपने खेल को बेहतर बना रही हैं और उनमें आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है। रिया कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बुंडू की छात्रा रही हैं और वर्तमान में पीपीके कॉलेज बुंडू में स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। वह सोनेट क्रिकेट क्लब बुंडू में अभ्यास करती हैं तथा खूंटी जिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करती हैं। रिया के चयन पर केडीसीए अध्यक्ष राजीव रंजन, कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण मोहन कुमार, सचिव अवधेश कश्यप समेत संघ के सभी पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
