प्रभास की ‘स्पिरिट’ की रिलीज तारीख बदली, अब 29 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

Entertainment

Eksandeshlive Desk

मुंबई: अभिनेता प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ की रिलीज तारीख में बदलाव किया गया है। निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की इस फिल्म में प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म अब 29 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले इसकी रिलीज के लिए 5 मार्च 2027 की तारीख तय की गई थी। नई तारीख के मुताबिक, फिल्म की रिलीज करीब आठ महीने आगे बढ़ा दी गई है।

‘स्पिरिट’ की नई रिलीज तारीख के साथ ही वर्ष 2027 में दिवाली के आसपास बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों के बीच टकराव की संभावना बढ़ गई है। रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 2’ भी दिवाली 2027 के दौरान रिलीज होने वाली है। ऐसे में दोनों फिल्मों के एक ही समय पर सिनेमाघरों में आने से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। हालांकि, दोनों फिल्मों की रिलीज योजनाओं में आगे बदलाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

इस बीच, संदीप रेड्डी वांगा ने 18 अक्टूबर को ‘स्पिरिट’ से प्रभास के नए लुक की झलक साझा की। इसके बाद फिल्म को लेकर प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ गई। प्रभास और वांगा पहली बार इस फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। संदीप रेड्डी वांगा इससे पहले ‘अर्जुन रेड्डी’, ‘कबीर सिंह’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। ऐसे में प्रभास के साथ उनकी इस नई फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

Spread the love