Eksandeshlive Desk
बीकानेर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की ऐतिहासिक सांचू पोस्ट का दौरा कर जवानों का उत्साहवर्धन किया। भीषण गर्मी और 42 डिग्री तापमान के बीच शाह ने सीमा चौकी पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनकी कार्यशैली, चुनौतियों और सीमा पर गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने सीमा पर तैनात जवानों के साहस और देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की तथा जवानों के साथ जलपान कर संवाद भी किया। गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से सांचू पोस्ट पहुंचे। यह पोस्ट भारत-पाक सीमा की सबसे ऐतिहासिक चौकियों में गिनी जाती है और दो बड़ी जंगों की गवाह रही है। अमित शाह देश ने इस पोस्ट पर जाकर जवानों से सीधे मुलाकात की। उन्होंने यहां से दूरबीन के जरिए पाकिस्तानी सीमा और जीरो पॉइंट क्षेत्र का भी अवलोकन किया। करीब डेढ़ घंटे तक सीमा चौकी पर रुककर उन्होंने जवानों से बॉर्डर एक्टिविटी, सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक चुनौतियों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल सहित बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सीमा चौकी पहुंचने से पहले अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने प्रहरी शस्त्र गैलरी का अवलोकन किया और सीमा सुरक्षा में उपयोग हो रही आधुनिक ड्रोन तकनीक की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। भीषण गर्मी के बीच सीमा पर ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ अमित शाह ने पारंपरिक नाश्ता भी किया। इस दौरान उन्होंने जवानों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनकी समस्याएं और अनुभव सुने। जवानों के साथ सहज माहौल में हुई बातचीत को लेकर सुरक्षा बलों में उत्साह देखा गया। दौरे के बाद गृह मंत्री बीकानेर स्थित बीएसएफ मुख्यालय पहुंचे, जहां वे सीमावर्ती पांच जिलों के कलेक्टर और एसपी के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में सीमा पर बढ़ रही तस्करी, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील गतिविधियों पर चर्चा होगी। इस बैठक में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। गृह मंत्री के दौरे के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को लेकर भी बड़ा ऐलान किया गया। वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत राजस्थान सीमा से जुड़े 184 गांवों को सड़क और फोरजी नेटवर्क से जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे सीमावर्ती गांवों में संचार और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अमित शाह के दौरे के बीच पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा को उनके घर से हिरासत में ले लिया। काले झंडे दिखाने की योजना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई की। गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात करीब 10:30 बजे बीकानेर के नाल एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित बीजेपी नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दौरे को लेकर पूरे बीकानेर और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
