गिरिडीह : गिरिडीह जिले में अपहरण और फिरौती मांगने के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की शाम करीब 7:50 बजे गांडेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35 वर्ष), पिता कलीम मियां, का दोपहर करीब 2 बजे खंडोली के पास से मोटरसाइकिल समेत अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं द्वारा लगातार फोन कर फिरौती की मांग की जा रही थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से एसआईटी ने छापेमारी करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चीना मोड़ चुंजका जंगल से अपहृत तसलीम अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पीड़ित तसलीम अंसारी ने पुलिस को बताया कि अपराधियों ने उनसे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इस दौरान अपराधियों ने क्यूआर कोड के माध्यम से 24 हजार रुपये भी ट्रांसफर करवा लिए थे।गिरफ्तार अपराधियों में पिपराधोडा निवासी मो. सोहेल, चैताडीह निवासी आदिल अंसारी, मोहनपुर निवासी मो. समीर अंसारी, अफरीदी शाह तथा चैताडीह निवासी इरशाद अंसारी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए राजा एवं जाफर उर्फ लल्लुआ के भी इस घटना में शामिल होने की जानकारी दी है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस ने अपराधियों के पास से अपहृत युवक की मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त दो अन्य मोटरसाइकिलें तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।इस मामले में बेंगाबाद थाना कांड संख्या 87/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदिल अंसारी और मो. समीर अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। आदिल अंसारी पर पचम्बा थाना में तथा समीर अंसारी पर मुफस्सिल थाना में पहले से मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
