By Mustaffa
राजेश कच्छप ने प्रेस रिलीज जारी कर उठाए सवाल: कहा,थानेदारों की पोस्टिंग में खेल,आदिवासी अफसरों की अनदेखी
मेसरा (रांची): खिजरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कच्छप ने अपनी ही सरकार की प्रशासनिक नीतियों और रांची पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए विधायक ने रांची एसएसपी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने थानों में थानेदारों की पोस्टिंग और आदिवासी अधिकारियों के तबादलों पर कड़ी आपत्ति जताई है। विधायक ने दोटूक शब्दों में कहा कि राज्य में आदिवासियों के हितों की रक्षा के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खा रहे हैं। प्रेस रिलीज के जरिए उन्होंने प्रशासन पर चार गंभीर आरोप लगाए। योग्य और ईमानदार आदिवासी अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों से हटाकर लाइन भेजा जा रहा है। लगातार हो रहे बेतरतीब तबादलों से प्रशासनिक स्थिरता खत्म हो गई है,जिससे विकास कार्य ठप हैं। थानों में प्रभारियों की नियुक्ति में पारदर्शिता का घोर अभाव है और काबिल अफसरों को दरकिनार किया जा रहा है। पुलिस के इस रवैये के कारण खिजरी सहित पूरे राज्य की जनता में भारी नाराजगी है। विधायक राजेश कच्छप ने मुख्यमंत्री से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आदिवासी अधिकारियों के साथ न्याय नहीं हुआ और थानों की पोस्टिंग प्रक्रिया में सुधार नहीं किया गया,तो वे चुप नहीं बैठेंगे। जनता की इस आवाज को खिजरी से लेकर विधानसभा तक, सड़क से सदन तक उग्र रूप से उठाया जाएगा। इस बयान के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है।
