B y Mustaffa
मेसरा (रांची): भारतमाला परियोजना के तहत ओरमांझी प्रखंड के ग्राम गुरु में सर्विस रोड का निर्माण नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है। सड़क न बनने से नाराज ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को महामंत्री राजधाम साहू के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू से मुलाकात की और अपनी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। सांसद को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए ग्रामीणों ने कहा कि सर्विस रोड के अभाव में स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। पूर्व में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में स्वयं सांसद भी मौजूद थे। उस वक्त अधिकारियों ने दो महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लिखित/ठोस भरोसा दिया था। हालांकि,समय सीमा बीत जाने के बाद भी धरातल पर एक ईंट तक नहीं रखी गई है,जिससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष है। राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू ने कहा,ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं,इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं,मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने तुरंत एनएचएआई के उच्च अधिकारियों से संपर्क साधा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अविलंब सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराएं। सांसद के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों ने शीघ्र ही धरातल पर काम शुरू करने का आश्वासन दिया है। सांसद के इस त्वरित एक्शन पर ग्रामवासियों ने उनका आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल और मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से नारायण साहु,ओमप्रकाश साहु,ग्राम प्रधान धर्मनाथ पाहन,राममोहन महतो,अनिरुद्ध साहु,प्रदीप साहु,विशेश्वर साहु,दिनेश्वर साहु,विवेक कुमार साहु,राजीव रंजन महतो,दुर्गा साहु और उग्रसेन साहु सहित भारी संख्या में गणमान्य ग्रामीण उपस्थित थे।
