By Mustaffa
मेसरा (रांची): कलकत्ता पब्लिक स्कूल,ओरमांझी में नर्सरी से नौवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित छह दिवसीय भव्य समर कैंप का शनिवार को रेन डांस के साथ रंगारंग समापन हो गया। 18 मई से 23 मई तक चले इस कैंप में बच्चों को पढ़ाई के तनाव से दूर,रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों से जोड़ा गया। छह दिनों तक चले इस शिविर में प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैंप की शुरुआत कला,हस्तशिल्प (आर्ट एंड क्राफ्ट),नृत्य और मोमबत्ती (कैंडल) निर्माण के प्रशिक्षण के साथ हुई। बच्चों ने बिना आग के खाना पकाने (फायरलेस कुकिंग),बॉटल पेंटिंग,डिजाइनिंग और रबर बैंड मेकिंग की बारीकियां सीखीं। शारीरिक और मानसिक विकास के लिए एरोबिक्स कराया गया। साथ ही छोटे बच्चों ने बैग पेंटिंग और ज्वेलरी मेकिंग का आनंद लिया। नन्हे बच्चों द्वारा सादे बैग पर बनाए गए कार्टून व चित्र मुख्य आकर्षण रहे। कार्टून चरित्र निर्माण और टी-शर्ट पेंटिंग के बाद एक शानदार फैशन शो का आयोजन हुआ। विभिन्न प्रकार के आकर्षक परिधानों में रैंप पर उतरे बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। सुबह की शुरुआत योग प्रशिक्षण से हुई,जिसके बाद एक जादुई मैजिक शो का आयोजन किया गया। जादूगर के इंद्रजाल और हैरतअंगेज कारनामों का बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी खूब लुत्फ उठाया। अंतिम दिन बच्चों को कार्टून चरित्र निर्माण का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कैंप का समापन धमाकेदार रेन डांस के साथ हुआ,जिसमें कृत्रिम बारिश के बीच संगीत की धुन पर बच्चे और विद्यालय की शिक्षिकाएं जमकर थिरके। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार,इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों के भीतर नवीन जोश,ऊर्जा और उमंग का संचार करना था। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल की सभी शिक्षिकाओं ने पूर्ण निष्ठा और मनोयोग के साथ बच्चों का मार्गदर्शन किया,जिससे यह आयोजन बेहद सफल और यादगार रहा।
