Eksandeshlive Desk
कोडरमा : रांची स्थित आरएसएस कार्यालय परिसर में पेट्रोल पंप से हमले के मामले में पुलिस ने अभियान चलाकर बुधवार देर रात दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी रांची-नई दिल्ली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से रांची से दिल्ली भाग रहे थे। जानकारी मिलने के बाद रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन में ही आरोपियों की तलाश शुरू की।
इस दौरान पुलिस टीम विभिन्न स्टेशनों से ट्रेन में सवार होकर विभिन्न बोगियों में लगातार निगरानी करती रही और गयाजी जंक्शन पार करने के बाद रफीगंज के पास जनरल बोगी से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग रांची के सिटी एसपी खुद कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों युवकों को रफीगंज से उतारकर कोडरमा होते हुए रांची ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। अभियान में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के अलावा रांची, बोकारो और कोडरमा जिला के पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
