News by Mustaffa
मेसरा। आॅटोमैटिक ई-चालान सिस्टम की एक बड़ी तकनीकी लापरवाही सामने आई है। राजधानी रांची के बीआईटी मोड़ केदल निवासी मो. परवेज अंसारी को अपनी बाइक का नहीं,बल्कि किसी और की स्कूटी का 6,000 रुपये का गलत चालान थमा दिया गया है। पीड़ित ने यातायात पुलिस अधीक्षक (रांची) के समक्ष आवेदन देकर गलती सुधारने की गुहार लगाई है। परवेज अंसारी को 26 सितंबर 2022 की तारीख का 6,000 रुपये का ट्रैफिक चालान प्राप्त हुआ। जब उन्होंने चालान की विस्तृत जानकारी और साथ में लगी तस्वीर देखी,तो वे भौचक्के रह गए। चालान की फोटो में दो व्यक्ति एक स्कूटी पर सवार दिखाई दे रहे हैं,जबकि परवेज के पास ग्लैमर बाइक है। कैमरे में कैद स्कूटी का नंबर जेएच 01-ईयू-3992 है,लेकिन सिस्टम की गलती के कारण चालान परवेज अंसारी की बाइक के नंबर जेएच 01-ईयू-3993 पर दर्ज कर दिया गया। ?गलत चालान मिलने से परेशान परवेज अंसारी ने पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आवेदन में बताया कि फोटो में दिख रहा वाहन और उनका वाहन बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने यातायात पुलिस प्रशासन से इस तकनीकी त्रुटि को दुरुस्त करते हुए गलत चालान को तत्काल रद्द करने का अनुरोध किया है।
