राष्ट्रीय फेडरेशन कप में चमके जमशेदपुर के मृत्युंजय, बेंच प्रेस में जीता स्वर्ण

Sports

Eksandeshlive Desk

जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल के कल्याणी में आयोजित नेशनल फेडरेशन कप 2026 में जमशेदपुर के युवा पावरलिफ्टर मृत्युंजय पाठक ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल कर शहर और झारखंड का नाम रोशन किया। 20 से 23 अगस्त तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मृत्युंजय ने बेंच प्रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं डेडलिफ्ट स्पर्धा में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल कर एक और पदक जीता।

पावरलिफ्टिंग स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में इक्विप्ड और अनइक्विप्ड दोनों वर्गों में मुकाबले हुए। मृत्युंजय ने इक्विप्ड वर्ग में अपनी क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास और मेहनत को दर्शाती है। मृत्युंजय पाठक जमशेदपुर के टाइटन फिटनेस यूनिसेक्स जिम में प्रशिक्षण लेते हैं। उन्होंने बताया कि लगभग एक वर्ष से वह नियमित रूप से पावरलिफ्टिंग का अभ्यास कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान शक्ति बढ़ाने के साथ तकनीक, अनुशासन और फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया गया। उनकी दिनचर्या में शुद्ध शाकाहारी भोजन भी शामिल है, जिसे वह अपनी फिटनेस और प्रदर्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं।

मृत्युंजय ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों और टाइटन फिटनेस जिम के सहयोग के साथ अपने निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। मृत्युंजय का अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक जीतना है। उनकी उपलब्धि से जमशेदपुर के खेल जगत में उत्साह का माहौल है और युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।

Spread the love