सड़क हादसे में 53 वर्षीय महिला की मौत,उखरीद मोड़ के पास अज्ञात बाइक ने मारी टक्कर

360° Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

मेसरा (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 53 वर्षीय अधेड़ महिला की जान चली गई। घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ​मिली जानकारी के अनुसार,तापे उखरीद चायबागान निवासी स्वर्गीय शनिचर बेदिया की पत्नी सोहरी देवी (53 वर्ष),मंगलवार दोपहर उखरीद मोड़ के पास सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान रांची की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। ​दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायल महिला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी),ओरमांझी ले जाया गया। हालांकि,अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया है। ओरमांझी पु.नि. सह ​थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी ने कहा कि अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। वहीं,​ग्रामीणों ने बताया कि उखरीद मोड़ के पास आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और गति सीमा पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाए जाएं।

Spread the love