Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को समाज के कल्याण के लिए समर्पित एक सच्चे बुद्धिमान व्यक्ति के गुणों पर प्रकाश डालते हुए एक संस्कृत सुभाषित साझा किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से प्रेरित निरंतर प्रयासों के माध्यम से हम एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की ओर आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पण और सेवाभाव हमारी अमूल्य पूंजी रही है। बीते 12 वर्षों में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से प्रेरित निरंतर प्रयासों से ही आज हम एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की ओर से अग्रसर हैं।” इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अवधि विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रही है। उन्होंने एक्स पर कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास से लेकर डिजिटल क्रांति तक भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।
मोदी सरकार के 12 वर्षों में गरीब कल्याण और विकास साथ-साथ चले : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में कल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी ढांचे, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है।अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि नरेंद्र मोदी ने आज के ही दिन तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। मोदी के नेतृत्व में इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को समांतर रूप से चरितार्थ होते देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिना एक दिन का अवकाश लिए निरंतर देश और देशवासियों की सेवा की है। इस अवधि में सरकार ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया, देशभर में 90 से अधिक नए हवाई अड्डे और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें शुरू कीं। शाह के अनुसार, चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए, 1.45 लाख किलोमीटर सड़कों तथा 3,000 किलोमीटर से अधिक आधुनिक एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ। गृह मंत्री ने कहा कि 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज मिला और 10 करोड़ से अधिक परिवारों को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। उन्होंने दावा किया कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है। शाह ने कहा कि ऐसा परिवर्तन तभी संभव है जब नेतृत्व की नीयत साफ हो, लक्ष्य राष्ट्रीय हित हो और समर्पण पूर्ण हो।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर नितिन नवीन के किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक बड़ी प्रदर्शनी लगाई गई है। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश किया है तथा वे भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की दिशा में अग्रसर हैं। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के लिए लगाई गई प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। नितिन नवीन ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, डिजिटल परिवर्तन और बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के भाव और सेवा के प्रति समर्पण ने देश को परिवर्तन की नई दिशा दी है। साथ ही उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को सामूहिक प्रयासों से साकार करने का संकल्प दोहराया।
