सीआईपी में 30 बेड के साथ न्यूरो सर्जरी की सुविधा जल्द

360° Ek Sandesh Live

By Sunil

रांची : सीआईपी परिसर में जल्द ही न्यूरो सर्जरी विभाग शुरू होने से ब्रेन ट्यूमर, सिर की गंभीर चोट, स्पाइनल कॉर्ड की समस्या सहित जटिल बीमारियों का इलाज आसान होगा। इसके साथ ही मानसिक रोग और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के बीच समन्वित इलाज भी संभव होगा। इस पहल का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि इससे निजी अस्पतालों और सेंटरों द्वारा ली जाने वाली अत्यधिक फीस पर भी नियंत्रण लगेगा। राज्य के प्रमुख मनोचिकित्सा संस्थान सीआईपी में आने वाले दिनों में जटिल न्यूरो सर्जरी की होगी। मानसिक रोग व न्यूरोलॉजी के बाद न्यूरो सर्जरी की सुविधा मिलने से मरीजों का इलाज आसान हो जाएगा। संस्थान के निदेशक डॉ वीके चौधरी ने बताया कि 20 से 30 बेड के साथ न्यूरो सर्जरी सेवा शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सीआईपी में मरीजों के लिए कई अन्य तरह की विशेष सुविधाएं शुरू की जाएंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि सीआईपी में इस सुविधा के शुरू होने से राज्य के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। क्योंकि जिन संस्थानों में न्यूरो सर्जरी होती है, वहां चिकित्सक कम हैं और मरीजों की संख्या अधिक है। इसके अलावा निजी केंद्रों में मनमाना पैसा लिया जाता है। सीआईपी में न्यूरो सर्जरी की सुविधा शुरू होने से कम आय वर्ग के मरीजों को ज्यादा लाभ होगा। अभी तक सरकारी अस्पताल के रूप में रिम्स ही था, जहां नि:शुल्क इलाज होता है। हाल में ही सदर में भी कुछ बेड के साथ सुविधा हुई है। हालांकि अक्सर रिम्स में गंभीर न्यूरो मरीजों को समय पर आॅपरेशन नहीं मिलता है। ऐसे में उनकी स्थिति और बिगड़ जाती थी। अब सीआईपी में ही जांच, इलाज और सर्जरी की समेकित सुविधा मिलने से मरीजों को एक ही जगह बेहतर उपचार मिल सकेगा।

Spread the love