अवैध खनन पर सख्ती: 116 वाहन जब्त, 34 लाख से अधिक वसूला जुर्माना

Crime Ek Sandesh Live

उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में टास्क फोर्स बैठक, छापेमारी तेज करने और नई जुर्माना दर सख्ती से लागू करने के निर्देश

AMIT KUMAR

सिमडेगा: उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध खनन पर अंकुश लगाने को लेकर चल रही कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए उपायुक्त ने खनन विभाग, अंचल प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाकर लगातार छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया।

जिला खनन पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत अप्रैल 2026 की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 24 अप्रैल तक अवैध खनन के विरुद्ध 23 निरीक्षण किए गए, जिनमें 6 प्राथमिकी दर्ज की गईं। इस दौरान JMMC Rule 54(5) के तहत 4 मामलों में कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों को जब्त किया गया। साथ ही 1,55,000 रुपये तथा न्यायालय के आदेश पर 56,000 रुपये सहित कुल 2,11,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों पर नजर डालें तो 31 मार्च 2026 तक कुल 207 निरीक्षण किए गए, जिनमें 62 प्राथमिकी दर्ज की गईं। इस अवधि में 33 मामलों में JMMC Rule 54(5) के तहत कार्रवाई करते हुए 116 वाहनों को जब्त किया गया। जुर्माना वसूली के तहत 54(5) में 15,12,768 रुपये, 54(6) के तहत 10,49,673 रुपये तथा न्यायालय के आदेश से 8,75,718 रुपये की वसूली की गई। इस प्रकार कुल 34,38,159 रुपये का राजस्व संग्रह सुनिश्चित किया गया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी बालू घाटों का नियमित निरीक्षण करने, बालू स्टॉक की जांच सुनिश्चित करने तथा कैटेगरी-1 बालू घाटों से प्रतिदिन संचालित वाहनों की निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही नई गाइडलाइन के तहत बढ़ी हुई जुर्माना दरों को सख्ती से लागू करने पर बल देते हुए कहा कि पकड़े गए सभी वाहनों पर अद्यतन दरों के अनुसार ही कार्रवाई की जाए।

बालू घाटों की बंदोबस्ती की समीक्षा करते हुए जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि तिलगा और कोचेडेगा बालू घाटों की बंदोबस्ती पूरी हो चुकी है, हालांकि संचालन अभी शुरू नहीं हुआ है। शेष घाटों की बंदोबस्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी सहित सभी अंचलाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love