ताशकंद पहुंचते ही राष्ट्रपति ने किया मोदी का गर्मजोशी भरा स्वागत, स्वतंत्रता स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

ताशकंद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे, जहां राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने उनका गर्मजोशी भरा स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने इस स्वागत के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार जताते हुए कहा कि उज्बेकिस्तान की उनकी यह चौथी यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और उनमें लगातार बढ़ती गति को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद पहुंचने के बाद ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘ताशकंद पहुंचा, जहां राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया। इस विशेष भाव के लिए मैं उनका आभारी हूं।’’ उन्होंने उज्बेक भाषा में भी अपने संदेश को साझा किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने यांगी उज्बेकिस्तान पार्क स्थित स्वतंत्रता स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव भी मौजूद रहे। सैन्य सम्मान के साथ आयोजित औपचारिक समारोह में प्रधानमंत्री ने स्मारक के समक्ष कुछ क्षण खड़े होकर सम्मान व्यक्त किया। बाद में उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव और अन्य अधिकारियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री की 29-30 अगस्त की उज्बेकिस्तान यात्रा उनकी इस देश की चौथी यात्रा है। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, डिजिटल संपर्क और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। दोनों पक्ष भारत के ‘विकसित भारत’ और उज्बेकिस्तान के ‘यांगी उज्बेकिस्तान’ के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार करेंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और उज्बेकिस्तान के संबंधों में सहयोग के नए क्षेत्रों का विस्तार हो रहा है। दोनों देश राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा, ऊर्जा, डिजिटल और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपने संबंधों को और गति देने पर जोर दे रहे हैं।

उज्बेकिस्तान के युवाओं ने हिंदी में किया प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत, मोदी ने जताई खुशी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्बेकिस्तान यात्रा से पहले वहां के युवाओं के उत्साह और हिंदी में किए गए स्वागत की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उज्बेक युवाओं का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर विशेष खुशी हुई कि युवाओं ने अपनी भावनाओं को इतनी खूबसूरती से हिंदी में व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उज्बेकिस्तान की यात्रा शुरू करने से पहले वहां के अपने युवा मित्रों का उत्साह देखकर वह बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रयास को और खास बनाने वाली बात यह है कि युवाओं ने यह संदेश हिंदी में दिया और बहुत अच्छी हिंदी में दिया। वीडियो में ताशकंद के कई उज्बेक छात्रों ने बारी-बारी से प्रधानमंत्री मोदी का अपनी राजधानी में स्वागत किया और भारत की संस्कृति के प्रति अपने लगाव तथा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख किया। एक छात्र ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ताशकंद उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। एक अन्य छात्र ने कहा कि ताशकंद की धरती प्रधानमंत्री को बुला रही है और वह इस मुलाकात के लिए उत्सुक हैं। एक छात्रा ने कहा कि वे हिंदी भाषा सीख रही हैं और भारत की संस्कृति से बेहद प्रभावित हैं। उसने प्रधानमंत्री का ताशकंद आने के लिए स्वागत करते हुए कहा कि वे उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। एक अन्य छात्र ने भारत और उज्बेकिस्तान की दोस्ती को विशेष बताते हुए प्रधानमंत्री के जल्द ताशकंद पहुंचने की उम्मीद जताई।

Spread the love