NUTAN
लोहरदगा: सदर थाना क्षेत्र के रामपुर रुगड़ी टोली के समीप रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक की पहचान अमला टोली निवासी अब्दुल कादिर के 19 वर्षीय पुत्र फैजान अख्तर के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के बाद फैजान को मृत घोषित कर दिया है। फैजान की मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे इलाके में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना में घायल लोगों में न्यू रोड निवासी सुहैल आलम, बंगला रोड निवासी 20 वर्षीय काफिल अंसारी पिता हाजी सेराज अंसारी तथा न्यू रोड निवासी अल्तमस शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल का दृश्य देखकर लोगों की रूह कांप उठी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि वेन्यू कार का एयरबैग नहीं खुलता तो घटना और भी ज्यादा दर्दनाक हो सकती थी तथा कई और जानें जा सकती थीं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
