VSK फाउंडेशन के खिलाफ शिकायत की तैयारी
AMIT RANJAN
बानो: VSK फाउंडेशन द्वारा नौकरी देने के नाम पर कथित रूप से ₹40-₹40 हजार लिए जाने के मामले को लेकर पीड़ित लोगों की एक बैठक महेश सिंह की अगुवाई में संपन्न हुई। बैठक में कथित रूप से संस्था के माध्यम से नौकरी के नाम पर राशि देने वाले कई पीड़ित महिला-पुरुषों ने अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए।
बैठक में पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि VSK फाउंडेशन की ओर से नौकरी देने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से करीब ₹40 हजार की राशि ली गई। इसके बाद उन्हें नियुक्ति पत्र देते हुए छह महीने की ट्रेनिंग और ट्रेनिंग अवधि के दौरान ₹5 हजार मासिक वेतन दिए जाने की बात कही गई थी।
पीड़ितों के अनुसार, कुछ लोगों को शुरुआत में दो से तीन महीने तक वेतन का भुगतान किया गया, लेकिन इसके बाद भुगतान बंद कर दिया गया। बताया गया कि संस्था की ओर से ऑडिट का हवाला देते हुए पिछले करीब तीन महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे नौकरी के नाम पर उनसे ली गई राशि और रोजगार के दावे को लेकर पीड़ितों के बीच गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बैठक में पीड़ितों ने कहा कि उन्होंने संस्था पर भरोसा करते हुए अपनी मेहनत की कमाई से बड़ी रकम दी थी। अब वेतन नहीं मिलने और स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ितों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
मामले को लेकर अब पीड़ितों की ओर से बानो थाना, सिमडेगा उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिकायत के माध्यम से नौकरी के नाम पर ली गई राशि, नियुक्ति पत्र, ट्रेनिंग, वेतन भुगतान और बाद में वेतन रोके जाने सहित पूरे मामले की जांच की मांग किए जाने की तैयारी है। वहीं, पीड़ितों का कहना है कि यदि मामले की जांच में नौकरी के नाम पर राशि लेने अथवा किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
