Reporting by Mustaffa
मेसरा (राँची): झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की नई टीम के गठन पर दिल्ली आलाकमान ने अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। पार्टी के प्रति सालों की अटूट निष्ठा और जमीनी पकड़ को देखते हुए कांके के वरिष्ठ व लोकप्रिय नेता ऐनुल हक अंसारी को प्रदेश सचिव के बेहद महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद से ही पूरे क्षेत्र में समर्थकों के बीच जश्न और खुशी का माहौल है। अपनी नियुक्ति पर गहरा आभार जताते हुए नवनियुक्त प्रदेश सचिव ऐनुल हक अंसारी ने कहा,शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे जमीनी कार्यकर्ता पर जो भरोसा जताया है,उस पर मैं शत-प्रतिशत खरा उतरने का संकल्प लेता हूँ। यह पद मेरे लिए सम्मान से ज्यादा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं का सहयोग ही मेरी असली ताकत है। पार्टी के इस फैसले को संगठन को मजबूत करने वाला कदम बताते हुए क्षेत्र के तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय,विधायक सुरेश कुमार बैठा (कांके),विधायक राजेश कच्छप (खिजरी),अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मंजूर अंसारी,शहजादा अनवर,युवा कांग्रेस अध्यक्ष (कांके) मो. खालिद सैफुल्लाह के साथ-साथ सैकड़ों वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। समर्थकों का साफ कहना है कि एक कर्मठ,जुझारू और संघर्षशील नेता को संगठन में जगह मिलने से पार्टी को जमीनी स्तर पर एक नई ऊर्जा मिलेगी।
