रामगढ़। चुट्टू पालू घाटी क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या को दूर करने तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज द्वारा घाटी क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि चुट्टू पालू घाटी में मोबाइल टावर न होने के कारण नेटवर्क सेवा बाधित रहती है। इसके कारण दुर्घटना होने पर आपातकालीन सेवाओं (जैसे एम्बुलेंस, पुलिस बल और राहत टीम) को समय पर सूचना देने में अत्यधिक कठिनाई होती है।दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आपातकालीन प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाने के लिए उपायुक्त ऋतुराज ने जियो (Jio) की टेक्निकल टीम को निर्देश दिया कि वे घाटी क्षेत्र में नया टावर लगाने हेतु उपयुक्त स्थल का सर्वे कर शीघ्र एक विस्तृत प्रस्ताव जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। ताकि बिना किसी विलंब के टावर लगाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नेटवर्क कनेक्टिविटी स्थापित करने के साथ-साथ घाटी में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान और अन्य सुरक्षा उपायों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया। मौके पर मुख्य रूप से वन प्रमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ नितेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता,डीपीओ, यूआईडी श्रीमती आरती पंकज अंचल अधिकारी रामगढ़,जियो की तकनीकी टीम एवं जिला प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
