उरीमारी में सैनिक कंपनी के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सुरक्षा गार्ड घायल

Crime

Eksandeshlive Desk

रामगढ़: रामगढ़ और हजारीबाग जिले के सीमावर्ती इलाके उरीमारी ओपी क्षेत्र के पोटंगा स्थित सैनिक कंपनी के गेट के पास सोमवार की रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी में कंपनी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। घायल गार्ड को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके से सात खोखा बरामद किए हैं। वहीं, अपराधी घटनास्थल पर चार पर्चे छोड़कर फरार हो गए। पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और आवास को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव के अनुसार, फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राहुल दुबे गिरोह से जुड़े तीन अपराधियों ने रात करीब 12 बजे सैनिक कंपनी के गेट पर फायरिंग की। इस दौरान कंपनी में तैनात सुरक्षा गार्ड को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटनास्थल पर मिले चार पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और घर को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है। पर्चों में मौजूदा घटना को महज चेतावनी बताते हुए आगे गंभीर कार्रवाई करने की बात कही गई है। साथ ही सोनाराम मांझी और संजय करमाली के साथ मिलकर न्यू बरसा साइडिंग तथा बरका-सयाल क्षेत्र में काम करने को लेकर आपत्ति जताई गई है। इस संबंध में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखा बरामद कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रथू उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम फायरिंग में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटनास्थल पर मिले पर्चों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। कंपनी के गेट पर हुई इस गोलीबारी और अधिकारी को दी गई धमकी के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Spread the love