आद्रा मंडल में रोलिंग ब्लॉक से रेल परिचालन प्रभावित, टाटा-आसनसोल समेत कई ट्रेनें रद्द

360°

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में रेल पटरियों, ओवरहेड बिजली उपकरणों और सिग्नलिंग सिस्टम के रखरखाव तथा तकनीकी कार्यों के चलते 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान टाटानगर से गुजरने और यहां से खुलने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने, आंशिक रूप से चलाने, मार्ग बदलने और विलंब से रवाना करने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार को रेलवे की ओर से जारी संशोधित सूचना के मुताबिक, निर्धारित अवधि में अलग-अलग तिथियों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे के अनुसार, आसनसोल-आद्रा मेमू ट्रेन संख्या 60046/68045 और आसनसोल-पुरुलिया मेमू ट्रेन संख्या 63594/63593 को 27, 29 और 31 अक्टूबर को रद्द रखा जाएगा। झाड़ग्राम-पुरुलिया मेमू ट्रेन संख्या 68023/69024 26 अक्टूबर को नहीं चलेगी। आद्रा-विष्णुपुर मेमू ट्रेन संख्या 68077/68078 का परिचालन 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक बंद रहेगा। वहीं, आद्रा-मिदनापुर मेमू ट्रेन संख्या 60090/60089 को 27, 30 और 31 अक्टूबर तथा एक नवंबर को रद्द किया गया है। इस अवधि में रेलवे ट्रैक पर स्टील गर्डर चढ़ाने का काम होना है। टाटानगर-आसनसोल मेमू ट्रेन संख्या 68055/68056 का परिचालन 26 अक्टूबर को टाटानगर और पुरुलिया के बीच प्रभावित रहेगा। ट्रेन पुरुलिया तक ही चलेगी और पुरुलिया से टाटानगर के बीच सेवा उपलब्ध नहीं होगी। इसी तरह आद्रा-बांकुड़ा मेमू ट्रेन संख्या 68053/68054 को 27, 29 और 31 अक्टूबर को पुरुलिया तक ही चलाया जाएगा। आद्रा और बांकुड़ा के बीच इसका परिचालन बंद रहेगा। टाटानगर-आसनसोल-बांकुड़ा मेमू ट्रेन संख्या 68056/68060 को 27, 29 और 31 अक्टूबर को आद्रा तक सीमित रखा जाएगा। आद्रा से बांकुड़ा के बीच ट्रेन नहीं चलेगी। आसनसोल-पुरुलिया मेमू ट्रेन संख्या 63594/63593 का 26, 29 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आद्रा तक ही परिचालन होगा। आद्रा और पुरुलिया के बीच सेवा रद्द रहेगी।

गोमो-खड़गपुर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18024/18023 को 27 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आद्रा तक ही चलाया जाएगा। आद्रा से खड़गपुर के बीच परिचालन नहीं होगा। इस दौरान सीडीजीआर-जीबीए रेलखंड पर रेलवे फाटक संख्या केए-8 के पास स्टील कंपोजिट गर्डर लगाने का कार्य किया जाएगा। टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18601 को 26 अक्टूबर को चांडिल, पुरुलिया, कोटशिला और मूरी के रास्ते चलाया गया। हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18036 को 26 से 31 अक्टूबर तक हटिया से दो घंटे की देरी से रवाना किया जाएगा। खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18035 को 26 और 29 अक्टूबर को एक घंटे की देरी से चलाया जाएगा। इसके अलावा बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18184 को 27, 29 और 31 अक्टूबर को जरूरत पड़ने पर 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित किया जा सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि रद्द ट्रेन, मार्ग परिवर्तन और समय में बदलाव के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके।

Spread the love