Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : केंद्रीय गृहमंत्री सोमवार को राज्यसभा में राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम’ को राष्ट्रगान के समान दर्जा देने वाला विधेयक पेश करेंगे। इस अधिनियम के तहत राष्ट्रीय ध्वज और संविधान का अपमान तथा राष्ट्रगान में बाधा डालना दंडनीय अपराध होगा। राज्यसभा की कल की कार्यसूची में इसकी जानकारी दी गई है। विधेयक 1971 के राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 को संशोधित करेगा। यह विधेयक राष्ट्रगीत वंदेमातरम को भी राष्ट्रगान की ही तरह सम्मान देने के उद्देश्य से लाया जायेगा। अपमान करने वाले को तीन साल की सजा का प्रावधान है। इसमें गायन से जुड़ी अनिवार्यता के भी प्रावधान हैं।
दूसरी ओर लोकसभा में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल उच्चतम न्यायालय में जजों की संख्या बढ़ाए जाने से जुड़े विधेयक को पेश करेंगे। इसका उद्देश्य देश की शीर्ष अदालत में जजों की संख्या को 33 से 37 करना है। संसद का मानसून सत्र कल से आरंभ होने जा रहा है। सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मीडिया के समक्ष सभी दलों से कार्यवाही को सुचारु चलाने की अपील करते हुए अपना वक्तव्य देंगे। मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में ‘फादर अमीर’ के नाम से जाने जाने वाले कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी को श्रद्धाजली दी जाएगी। लोकसभा की कार्यसूची के अनुसार छह पूर्व सदस्यों सहित उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
