उपायुक्त व एसपी ने किया पौधारोपण
अजय राज
प्रतापपुर(चतरा): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को चतरा स्थित इको पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के प्रशासनिक एवं वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद सहित पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम जिले में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने और लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
