Eksandeshlive Desk
न्यूयॉर्क: शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को यूएस ओपन के दूसरे दौर में फ्रांस के क्वेंटिन हेली ने कड़ी चुनौती दी। ज्वेरेव ने गुरुवार देर रात (भारतीय समयानुसार शुक्रवार तड़के) तक चले मुकाबले में विश्व नंबर 52 हेली को पांच सेटों में 6-4, 4-6, 7-6 (7-3), 6-7 (3-7), 6-3 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई। 29 वर्षीय ज्वेरेव अपने शुरुआती दो मुकाबलों में अब तक करीब 10 घंटे कोर्ट पर बिता चुके हैं। तीसरे दौर में उनका सामना चिली के अलेजांद्रो ताबिलो से होगा। जीत के बाद ज्वेरेव ने कोर्ट पर दिए साक्षात्कार में कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मेरा प्रदर्शन काफी खराब था लेकिन मैं जीत गया। सबसे महत्वपूर्ण बात यही है।” उन्होंने कहा, “साढ़े चार घंटे और रात के 2 बजकर 15 मिनट हो चुके हैं। मैं जिम में इसी वजह से मेहनत करता हूं।” ज्वेरेव ने उन दर्शकों का भी आभार जताया, जो देर रात तक मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद रहे। ज्वेरेव ने कहा, “जो कुछ हजार लोग अंत तक रुके, उन्होंने उन 15 हजार दर्शकों की कमी पूरी कर दी, जो स्टेडियम छोड़कर चले गए।” पहले सेट में ज्वेरेव का दबदबा रहा। उन्होंने 5-4 की बढ़त बनाने के लिए मैच का एकमात्र ब्रेक हासिल किया और अगले सर्विस गेम में सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में 4-4 के स्कोर पर ज्वेरेव को ब्रेक प्वाइंट मिला लेकिन हेली ने वापसी करते हुए अपनी सर्विस बचाई और इसके बाद ज्वेरेव की सर्विस तोड़कर सेट 6-4 से जीत लिया। तीसरे सेट में हेली ने 4-1 की बढ़त बना ली थी लेकिन ज्वेरेव ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को टाईब्रेक तक पहुंचाया। उन्होंने टाईब्रेक में 5-1 की बढ़त बनाने के बाद सेट अपने नाम कर लिया। हालांकि, हेली ने चौथे सेट का टाईब्रेक जीतकर मुकाबले को निर्णायक पांचवें सेट तक पहुंचा दिया। निर्णायक सेट में हेली से पहली गलती हुई। उनकी फोरहैंड शॉट कोर्ट से काफी बाहर चली गई, जिससे ज्वेरेव को अहम ब्रेक मिला। इसके बाद जर्मन खिलाड़ी ने दो बार अपनी सर्विस बचाकर 5-3 की बढ़त बनाई और फिर थके हुए हेली की सर्विस तोड़कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
राइबाकिना ने बोउजास मानेइरो को सीधे सेटों में हराकर तीसरे दौर में बनाई जगह: दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी कजाखस्तान की एलेना राइबाकिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन की जेसिका बोउजास मानेइरो को 6-2, 6-4 से हराकर यूएस ओपन के तीसरे दौर में जगह बना ली। राइबाकिना ने लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। उन्होंने पहले सेट में 3-0 की बढ़त हासिल की और महज 30 मिनट में सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में भी कजाखस्तान की खिलाड़ी ने आक्रामक खेल जारी रखा। उन्होंने शुरुआती चार में से तीन गेम जीतकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और आसान जीत की ओर बढ़ती दिखीं। हालांकि मैच के लिए सर्विस करते समय राइबाकिना पहली बार अपनी सर्विस गंवा बैठीं। बोउजास मानेइरो ने जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन राइबाकिना ने तुरंत खुद को संभाला और अगले ही गेम में फिर उनकी सर्विस तोड़कर मुकाबला 6-4 से अपने नाम कर लिया। जीत के बाद राइबाकिना ने कहा, “मैं आज की जीत से बहुत खुश हूं। दूसरे सेट में उसने अपने शॉट्स पर ज्यादा भरोसा दिखाया, लेकिन मुझे खुशी है कि मैं मुकाबला खत्म करने में सफल रही।” राइबाकिना इस साल न्यूयॉर्क में खिताब जीतकर डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने की कोशिश में हैं। इस जीत के साथ उन्होंने अपने तीसरे ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश भी जारी रखी है। टूर्नामेंट से पहले सिनसिनाटी ओपन में चोट के कारण मैच से हटने के बाद राइबाकिना की फिटनेस को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन उन्होंने यूएस ओपन में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, “यह बिल्कुल सही तैयारी नहीं थी। मैं थोड़ा निराश थी कि बाकी सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट की तैयारी कर रहे थे और मैं सिर्फ रिकवरी और जिम में जरूरी काम कर रही थी। यहां आकर मैं बेहद खुश हूं।” तीसरे दौर में राइबाकिना का सामना यूक्रेन की यूलिया स्टारोडुब्त्सेवा से होगा। स्टारोडुब्त्सेवा ने 32वीं वरीयता प्राप्त मारिया सक्कारी के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
