70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता: आज 9 खेलों में 797 खिलाड़ियों ने लगाया दम

360° Sports

Eksandeshlive Desk

रांची: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् (JEPC), राँची द्वारा 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026–27 में झारखंड की ओर से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के चयन हेतु राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया बुधवार से प्रारंभ। आज हुवे विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।

इस राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के तहत कुश्ती फ्री स्टाइल में 167, कुश्ती ग्रीको रोमन में 46, टेबल टेनिस में 91, योग में 178, जिम्नास्टिक में 41, सॉफ्टबॉल में 35, भारोत्तोलन में 37, बास्केटबॉल में 128 तथा तैराकी में 74, यानी कुल 797 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 479 बालक एवं 318 बालिका खिलाड़ी शामिल रहे।

चयन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न खेल स्थलों पर खिलाड़ियों का उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बा देखते ही बना। सभी खिलाड़ी अपने-अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को परास्त करने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जमकर पसीना बहाते नजर आए। कुश्ती के अखाड़े से लेकर टेबल टेनिस, योग, जिम्नास्टिक, सॉफ्टबॉल, भारोत्तोलन, बास्केटबॉल और तैराकी के स्विमिंग पूल तक खिलाड़ियों ने अपनी पूरी क्षमता झोंक दी। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के खेल कौशल, तकनीकी दक्षता, फिटनेस, प्रदर्शन एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का निर्धारित मानकों के अनुरूप मूल्यांकन किया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए यह चयन प्रक्रिया न केवल अपनी प्रतिभा साबित करने का मंच है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया के अगले चरण में 13 अगस्त 2026 को रांची खेलगांव के विभिन्न स्टेडियम में बास्केटबॉल बालक , खो-खो, गतका, कुश्ती बालिका, नेटबॉल, सेपक टेकरा एवं बैडमिंटन बालक खेलों की चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

Spread the love