मनोज कुमार कपरदार सहित नौ साहित्यकारों को मिला जयशंकर प्रसाद स्मृति सम्मान

States

Eksandeshlive Desk

रांची : जयशंकर प्रसाद विचार मंच रांची की ओर से हिन्दी साहित्य, क्षेत्रीय भाषा एवं कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित जयशंकर प्रसाद स्मृति सम्मान-2025 के तहत गुरुवार को मनोज कुमार कपरदार सहित झारखंड के नौ साहित्यकारों को जयशंकर प्रसाद स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान गोस्सनर महाविद्यालय, रांची के सेमिनार हाॅल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार सिन्हा, विशिष्ट अतिथि पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मधु मंसुरी हंसमुख, डॉ. अशोक प्रियदर्शी, डॉ. माया प्रसाद, महावीर नायक, साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध कवि डॉ. फनी महांति, साहित्यकार यामिनी कांत दास (ओडीशा) एवं जयशंकर प्रसाद विचार मंच के सचिव सुरेश निराला उपस्थित थे। सम्मनित साहित्यकारों को पुरस्कार के रूप में स्मृति चिन्ह, सम्मान-पत्र, अंगवस्त्र एवं उपहार प्रदान किया गया। मंच का संचालन शकुन्तला मिश्रा ने की।

इस वर्ष जयशंकर प्रसाद विचार मंच की ओर से सम्मानित होने वालों में हिन्दी साहित्य से मनोज कुमार कपरदार (रांची), डॉ. मंजू ज्योत्सना (रांची), पद्मा मिश्रा (जमशेदपुर) एवं डॉ. अनीता कुमारी (रांची), जबकि क्षेत्रीय भाषा से चन्द्रदेव सिंह (रांची) को नागपुरी, मानसिंह महतो (सिल्ली, रांची) कुरमाली, महेन्द्र नाथ गोस्वामी (पारसनाथ) खोरठा एवं डॉ. पराग किशोर सिंह (खूंटी) कला-संस्कृति से व क्षितिज कुमार राय (रांची) शामिल हैं