जासूसी उपन्यास ‘द डे ऑफ द जैकाल’ के लेखक फ्रेडरिक फोर्सिथ का 86 वर्ष की आयु में निधन

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

लंदन : रहस्य और रोमांच की दुनिया में सत्तर और अस्सी के दशक के बीच में सबसे ज्यादा पढ़े गए जासूसी उपन्यास ‘द डे ऑफ द जैकाल’ के लेखक फ्रेडरिक फोर्सिथ का सोमवार को 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। ब्रिटिश लेखक फोर्सिथ बेहतरीन सैन्य पायलट भी थे। उन्होंने अपना कर्ज चुकाने के लिए लेखन को चुना। फ्रेडिरिक फोर्सिथ ने लगभग 25 से अधिक उपन्यास लिखे। दुनिया भर में इन उपन्यासों की 70 मिलियन प्रतियां बिकीं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, उनके प्रवक्ता जोनाथन लॉयड ने उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जासूसी उपन्यास ‘द डे ऑफ द जैकाल’ के अलावा फोर्सिथ के ‘द ओडेसा फाइल और ‘द डॉग्स ऑफ वॉर’ को भी पाठकों का भरपूर प्यार मिला।

समकालीन लेखक भी उनकी लेखन शैली का लोहा मानते थे : उनके प्रकाशक बिल स्कॉट-केर ने कहा, ” उन्हें दुनिया भर में पढ़ा गया। उनके समकालीन लेखक भी उनकी लेखन शैली का लोहा मानते थे। वह अपने पीछे अद्वितीय विरासत छोड़ गए हैं। वह अपने उपन्यासों में हमेशा जिंदा रहेंगे।” बीबीसी के अनुसार, 1938 में केंट में जन्मे फोर्सिथ 18 साल की उम्र में आरएएफ में शामिल हुए। इसके बाद बीबीसी और रॉयटर्स के लिए युद्ध संवाददाता बन गए। उन्होंने 2015 में खुलासा किया कि उन्होंने 20 से अधिक वर्षों तक ब्रिटिश खुफिया एजेंसी एमआई-6 के लिए भी काम किया। उनके उपन्यासों के कई काल्पनिक कथानक दुनिया भर में उनके वास्तविक जीवन के अनुभवों पर आधारित थे। उन्होंने 1971 में बेरोजगारी के समय अपना पहला उपन्याय ‘द डे ऑफ द जैकल’ लिखा। इसकी सफलता पर उन्होंने कहा था-” मैं कंगाल था। कर्ज में डूबा था। मेरे पास फ्लैट नहीं था। कार नहीं थी। कुछ भी नहीं था। और मैंने सोचा- मैं खुद को इस गड्ढे से कैसे निकालूं? मुझे शायद सबसे अजीब समाधान मिला- एक उपन्यास लिखो।” दो साल बाद 1973 में द डे ऑफ द जैकल पर फिल्म बनाई गई। इसमें जैकल की भूमिका एडवर्ड फॉक्स ने निभाई। पिछले साल एडी रेडमैन ने इस उपन्यास पर टीवी धारावाहिक बनाया। उनके प्रवक्ता लॉयड ने बयान में कहा कि वह कुछ समय से बीमार थे। उन्होंने सोमवार को हमेशा-हमेशा के लिए अपनी आंखें बंद कर लीं।

‘उन्होंने वास्तव में रोमांस और रोमांच को समझा’: लॉयड ने कहा, “हम दुनिया के सबसे महान थ्रिलर लेखकों में से एक के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं।” वह सफल युद्ध संवाददाता रहे। उनका जर्मन, फ्रेंच और रूसी भाषा पर समान अधिकार था। वह बियाफ्रा में विदेशी संवाददाता बन गए। वह एक सीक्रेट सर्विस एजेंट भी रहे। उनके प्रकाशक स्कॉट-केर ने कहा कि फोर्सिथ के साथ काम करना “मेरे पेशेवर जीवन के सबसे बड़े सुखों में से एक रहा है।” उन्होंने कहा कि “शानदार कथानक और विचारों के प्रवाह को छोड़कर, वह सबसे पेशेवर लेखक थे, जिसकी एक संपादक उम्मीद कर सकता है।” फोर्सिथ की मित्र गायिका एलेन पैज ने एक्स पर लिखा, ” मुझे फोर्सिथ के निधन पर दुख है। स्थानों, महलों और भूगोल के बारे में उनका अकादमिक ज्ञान बेजोड़ था। उन्हें कई कारणों से बहुत याद किया जाएगा।” अंग्रेजी संगीतकार एंड्रयू लॉयड वेबर ने कहा, “उन्होंने वास्तव में रोमांस और रोमांच को समझा। धन्यवाद फ्रेडरिक, ऐसी कहानियां बनाने के लिए जो आपके सम्मान में पीढ़ियों तक जीवित रहेंगी।” कंजर्वेटिव सांसद सर डेविड डेविस ने कहा कि उनके महान मित्र फोर्सिथ एक शानदार व्यक्ति और शानदार शब्दकार थे। उन्होंने स्काई न्यूज से कहा-“वे पुराने मूल्यों में बहुत विश्वास करते थे। वे सम्मान, देशभक्ति, साहस,सीधेपन और सरलता में विश्वास करते थे। वह हमारे सशस्त्र बलों के एक बड़े रक्षक थे।” उनकी पहली पत्नी कैरोल कनिंघम से दो बेटे हैं। उनकी दूसरी पत्नी सैंडी मोलोय का पिछले साल अक्टूबर में निधन हो गया था।

Spread the love