अंतरराज्यीय लुटेरों का गैंग पांच धराया

360° Crime Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

पलामू: जिले की छत्तरपुर पुलिस ने शुक्रवार को लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया। छतरपुर के मंदेया ओवरब्रिज के पास बीते 30 सितंबर की रात हथियार के बल पर मोबाइल लूट लेने की घटना के बाद की गई कार्रवाई में पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के आदेश पर डीएसपी अवध यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपिताें को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूटा गया मोबाइल और बाइक भी बरामद हुई है।

पकड़े गए आरोपित लंबे समय से राहगीरों और बाइक सवारों को पिस्टल दिखाकर लूटपाट कर रहे थे। पूछताछ में पता चला कि गिरोह का सरगना डब्लू प्रसाद साव पहले भी कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है और छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में हुई राजेश ज्वेलर्स से पांच करोड़ के सोना लूट कांड का भी आरोपित रह चुका है। डब्लू साव छतरपुर के खेंद्रा कला गांव का निवासी है। उस पर बिहार के अंबा, औरंगाबाद और छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज सहित छतरपुर थाने में कुल आठ मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार अन्य अपराधियों में छतरपुर के गुरदी गांव का सुशील कुमार यादव उर्फ छोटू यादव शामिल है, जिस पर छतरपुर थाने में चार मामले दर्ज हैं। नौडीहा खजूरी के रितेश कुमार पासवान पर तीन, खाटीन के छोटू कुमार उर्फ बाबा पर तीन और खाटीन के ही ओमप्रकाश कुमार पर भी छतरपुर थाने में तीन-तीन मामले दर्ज हैं।

अपराधियों के पास से जब्त किए गए सामानों में तीन बाइक, 16 मोबाइल फोन, एक ल्यूमिनस बैटरी, एक गैस सिलेंडर, एक देसी कट्टा और और जिंदा गोली शामिल है।

Spread the love