खपरियावा पंचायत की सड़क जर्जर, मुखिया ने अधिकारियों से की मरम्मत की मांग

360° Ek Sandesh Live


कटकमदाग/हजारीबाग : प्रखंड अंतर्गत खपरियावा पंचायत में एनएच-33 से नमन विद्या स्कूल होते हुए नर्सिंगस्थान मुख्य पथ तक की सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो गई है। जगह-जगह गड्ढे और टूटे हिस्सों के कारण इस मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थिति यह है कि बारिश के बाद रास्ता कीचड़युक्त हो जाता है, जिससे लोगों को विशेषकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।इस मार्ग पर तीन प्रमुख स्कूल स्थित हैं, जिनमें प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे आवागमन करते हैं। अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।उल्लेखनीय है कि आगामी 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रसिद्ध नरसिंह मेला का आयोजन भी होने वाला है। इस मेले में हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से पहुंचते हैं, जिससे आवागमन की समस्या और बढ़ने की आशंका है। स्थिति को देखते हुए खपरियावा पंचायत के मुखिया राजेश गुप्ता ने सांसद हजारीबाग, सदर विधायक, उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं नगर आयुक्त हजारीबाग को लिखित आवेदन देकर सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग की है। मुखिया ने कहा कि जल्द कार्य नहीं हुआ तो श्रद्धालुओं व आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

Spread the love