पत्थर व्यवसाई संघ का जेएमएम को समर्थन

360° Ek Sandesh Live

सुनिल कुमार

साहिबगंज: जिले के विकास से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा रेलवे के खिलाफ शुरू किए गए आंदोलन को अब पत्थर व्यवसाई संघ का भी नैतिक समर्थन मिल गया है। साहिबगंज जिला पत्थर व्यवसाई संघ ने स्पष्ट घोषणा की है कि 16 जनवरी से रेलवे रैक के माध्यम से पत्थर की लोडिंग पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
यह पूरा मामला साहिबगंज में लंबे समय से लंबित रेल ओवर ब्रिज आरओबी निर्माण से जुड़ा हुआ है। जेएमएम का आरोप है कि आरओबी निर्माण के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन रेलवे की ओर से अब तक कोई ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इसी को लेकर जेएमएम के प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने हाल ही में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पूर्वी फाटक और पश्चिमी फाटक पर आरओबी निर्माण साहिबगंज के विकास के लिए बेहद जरूरी है।
पंकज मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि 15 जनवरी 2026 तक रेलवे आरओबी निर्माण को लेकर पहल नहीं करती है, तो रेलवे के माध्यम से होने वाली पत्थर ढुलाई को बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान स्थानीय पूर्व विधायक पर भी विकास कार्यों को बाधित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। अब पत्थर व्यवसाई संघ के समर्थन के बाद आंदोलन और तेज होता नजर आ रहा है। पत्थर व्यवसाय संघ के अध्यक्ष बोदी सिन्हा ने कहा कि साहिबगंज का समग्र विकास तभी संभव है जब बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए, और रेल ओवर ब्रिज निर्माण से आम जनता के साथ-साथ व्यवसायियों को भी राहत मिलेगी। फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है और सभी की निगाहें रेलवे के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Spread the love