बोर्ड परीक्षाओं को लेकर रांची में ट्रैफिक व्यवस्था सख्त, सुबह 8 बजे से तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष यातायात दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी सुबह 9 बजे के बजाय सुबह 8 बजे से ही तैनात रहेंगे, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश के बाद यातायात पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक एसपी) राकेश सिंह ने नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की।

बच्चों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की अपील : निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी ने परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास के पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान यातायात को नियंत्रित रखना प्राथमिकता है, ताकि छात्रों को समय पर और सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जा सके। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की है। अभिभावकों से कहा गया है कि वे बच्चों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएं और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, जिससे यातायात बाधित न हो। पुलिस का उद्देश्य परीक्षा अवधि के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी छात्र बिना किसी बाधा के सुरक्षित और समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।

Spread the love