बजट सत्र : विधायक ने विधानसभा में उठाई तोरपा में कृषि मंडी निर्माण की मांग

Politics

Eksandeshlive Desk

खूंटी : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन गुरुवार को तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने सदन में अपने क्षेत्र के किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाया। उन्होंने तोरपा विधानसभा क्षेत्र में कृषि मंडी के निर्माण और किसानों को विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग सरकार से की। विधायक ने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र मुख्य रूप से कृषि आधारित इलाका है, जहां अधिकांश किसान खेती पर निर्भर हैं। यहां के किसान मेहनत और लगन से अच्छी पैदावार करते हैं, लेकिन उचित बाजार व्यवस्था के अभाव में उन्हें अपनी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कृषि मंडी नहीं होने के कारण किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दूर-दराज के बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और परिवहन खर्च बढ़ता है।

सुदीप गुड़िया ने यह भी कहा कि भंडारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने से किसानों को फसल तत्काल बेचनी पड़ती है, जिससे उन्हें अक्सर कम कीमत पर उपज बेचने की मजबूरी होती है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि किसानों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही तोरपा विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कृषि मंडी का निर्माण कराया जाए। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि किसानों को आधुनिक खेती की तकनीक, उन्नत बीज, फसल संरक्षण, भंडारण और विपणन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की जरूरत सदन में मामला उठाया। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और बाजार की जानकारी दी जाए तो उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

Spread the love