कॉलेज हॉस्टल में रसायन शास्त्र के शिक्षक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

Crime

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र स्थित बीए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्रावास में रविवार देर रात एक शिक्षक का शव मिलने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 44 वर्षीय डॉ. अभिनंदन मखाल के रूप में हुई है, जो संस्थान में रसायन शास्त्र के प्राध्यापक के तौर पर कार्यरत थे। घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन, छात्र और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। जानकारी के अनुसार, देर रात तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर सहकर्मियों को आशंका हुई। जब दरवाजा खोला गया तो डॉ. मखाल को अचेत अवस्था में पाया गया। तत्काल इसकी सूचना गालूडीह थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शव को जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। थाना प्रभारी अंकु कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के मुंह से झाग निकलने के संकेत मिले हैं, जिससे किसी विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि डॉ. मखाल मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी अचानक हुई मृत्यु से शिक्षकों और छात्रों के बीच गहरा शोक व्याप्त है। कॉलेज प्रबंधन ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच में प्रशासन को हर संभव सहयोग देने की बात कही है।

हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन(एनटीटीएफ)के छात्रावास में रविवार देर रात एक छात्र के फंदे से लटकर खुदकुशी करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है। वह मेकाट्रॉनिक्स शाखा का छात्र था और मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही संस्थान और छात्रावास परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि आदित्य अपने कमरे में था। देर रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर साथियों को आशंका हुई। मामले की सूचना हॉस्टल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया के बाद कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर छात्र का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए कमरे को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। छात्र के मोबाइल फोन और अन्य व्यक्तिगत वस्तुओं की जांच की जा रही है। सहपाठियों और हॉस्टल प्रबंधन से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि कहीं वह मानसिक तनाव, शैक्षणिक दबाव या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण से परेशान तो नहीं था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके जमशेदपुर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love