बाइक के नीचे दबा मिला एक व्यक्ति का शव

Crime Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति का शव बाइक के नीचे दबा हुआ मिला। घटना जीएनडी कॉलेज के पीछे बेतझरिया गुड़ा जाने वाले रास्ते की बताई जा रही है। सुबह जब स्थानीय लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर एक व्यक्ति पर पड़ी जो बाइक के नीचे दबा हुआ पड़ा था। यह देख लोगों ने तुरंत आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बताया जा रहा है कि बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच05जे4779 है। बाद में ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कानस गांव निवासी अमूल्य मंडल के रूप में हुई। अमूल्य मंडल पेशे से मछली बेचने का काम करता था और आसपास के हाट-बाजारों में मछली बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

परिजनों के अनुसार अमूल्य मंडल शुक्रवार को शुडगि हाट में मछली बेचने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए और शुक्रवार रात से ही उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। शनिवार सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां यह घटना हुई है, वहां सड़क पर घुमावदार मोड़ है और उसके पास गड्ढा भी है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई होगी। हालांकि अभी तक घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव के पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला सड़क दुर्घटना का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Spread the love