जिला स्तरीय टीम पहुंची प्रतापपुर, हुमाजांग पंचायत में मनरेगा योजना का किया जांच

360° Ek Sandesh Live

डीडीसी ने बीडीओ पर लगाए गए सभी आरोपों को किया खारिज

अजय राज
प्रतापपुर(चतरा): प्रतापपुर बीडीओ पर भ्रष्टाचार का तमाम आरोपों के बीच बुधवार को जिला स्तरीय टीम प्रतापपुर पहुंची तथा हुमाजांग पंचायत अंतर्गत विभिन्न गांवों में मनरेगा योजना के तहत हो रहे डोभा एवं तलाब आदि निर्माण की जांच की। जांच टीम का नेतृत्व उपविकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। वहीं जांच टीम में एसडीएम जहूर आलम, कार्यपालक अभियंता श्री महतो सहित अन्य कर्मी शामिल रहे। इस दौरान हुमाजांग पंचायत के हुमाजांग, भौराज,नवरत्नपुर आदि गांव में मनरेगा योजना से बन रहे डोभा व तलाब की गहन जांच की गई साथ हीं योजना में कार्यरत लेबर आदि की जानकारी मांगी गई। जांच के बाबत पूछे जाने पर डीडीसी ने बताया की उपायुक्त महोदय के निर्देश पर हुमाजांग पंचायत में मनरेगा योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं खासकर डोभा व तालाब आदि का जांच किया गया जिस में घोर अनियमितता देखने को मिला है। लगभग सभी योजना में मजदूर के बजाय जेसीबी मशीन से कार्य कराया गया है जो मनरेगा अधिनियम के तहत एक दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि कार्य में अनिमियिता की जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपा जाएगा।वहीं उन्होंने कांग्रेस युवा अध्यक्ष द्वारा बीडीओ पर पैसा लेने का आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पैसे या कमीशन लेने के सारे आरोप बेबुनियाद तथा तथ्य हीन हैं तथा लेन-देन का कोई साक्ष्य मौजूद नही है आरोप तो कोई भी लगा सकता है।
बताते चलें कि दो दिन पूर्व हीं कांग्रेस युवा नेता के अगुआई में प्रखंड के सैकड़ों ग्रामीण एवं मजदूर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक पाण्डेय पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए मनरेगा सहित गरीबों के पेंशन तक में पैसा लेने का आरोप लगाते हुए प्रखंड कार्यालय मुख्यालय में विरोध मार्च निकाल कर बीडीओ का पुतला दहन किया गया था। बीडीओ पर यह भी आरोप लगाया गया था कि उनके द्वारा प्रत्येक मनरेगा योजना में डिमांड के एवज में प्रति डिमांड 2 हजार की राशि वसुली जाती है और राशि नहीं देने पर डिमांड जीरो करवा दिया जाता है। साथ हीं उपायुक्त चतरा से मामले में जांच कर कार्यवाही की मांग की गई थी। इसी को लेकर हुमाजांग पंचायत मनरेगा से संचालित योजनायो में जांच बैठाया गया है। जांच टीम के साथ मौके पर बीडीओ,पंचायत सचिव, जेई व रोजगार सेवक आदि मौजूद रहे।

Spread the love