Eksandeshlive Desk
हल्द्वानी : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिमी एशिया में चल रहे संघर्ष पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया एक संकट के दौर से गुजर रही है। पश्चिम एशिया में लगातार हमले हो रहे हैं और यह केवल भारत के लिए ही नहीं, बल्कि बल्कि पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस पर भारत का पक्ष साफ है कि मामला बातचीत व कूटनीति से हल किया जाना चाहिए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संभावित ऊर्जा या खाद संकट से निपटने में प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की।
सिंह ने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सूझबूझ के आधार पर वैश्विक संकट से भारत को दूर रखा है लेकिन भविष्य में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पैदा हुए संकट को दूर करने के लिए जो भी कोशिश की जा रही है, उसका उत्तराखंड वासियों के द्वारा भी उसका समर्थन किया जाना चाहिए। राजनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाने के साथ संवैधानिक व्यवस्थाओं पर प्रश्न चिन्ह लगाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब-जब चुनाव हारती है, तब ये लोग ईवीएम को दोष देते हैं। कभी चुनाव आयोग को दोष देते हैं। ईसी से लेकर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) तक लगभग हर संस्था तब कठघरे में खड़ी कर दी गई जब उसके फैसले कांग्रेस के अनुमानों के विपरीत निकलते हैं।
