गैर मजरूआ आम जमीन पर कब्जे का आरोप

Ek Sandesh Live

ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से लगाई गुहार

अजय राज
प्रतापपुर (चतरा):
प्रखंड क्षेत्र के राजपुर पंचायत में गैर मजरूआ आम भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव की सार्वजनिक उपयोग की जमीन, जिसका उपयोग वर्षों से आवागमन एवं अन्य सामुदायिक कार्यों के लिए किया जाता रहा है, उस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार संबंधित भूमि गैर मजरूआ आम श्रेणी की है, जिस पर किसी भी व्यक्ति का निजी स्वामित्व नहीं होता, इसके बावजूद उस पर निर्माण कार्य एवं घेराबंदी का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण गांव के रास्ते में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन में कई व्यक्तियों के नाम का उल्लेख करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटाने एवं सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की अपील की है। इस संबंध में अंचलाधिकारी ने बताया कि उन्हें आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love