बोकारो में रंगदारी गैंग का भंडाफोड़: पुलिस मुठभेड़ में सरगना घायल, 7 अपराधी गिरफ्तार

Crime

एसआईटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई से टूटा नेटवर्क, हथियार-गोली, मोबाइल-सिम और स्कूटी बरामद

Eksandeshlive Desk

बोकारो : बोकारो से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने रंगदारी वसूली करने वाले एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई में गैंग का सरगना प्रिंस गुप्ता उर्फ भटिया मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि कुल 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। बीते कुछ दिनों से शहर के व्यापारियों को अमन साहु, राहुल दुबे और मंयक सिंह गिरोह के नाम पर फोन और मैसेज के जरिए धमकाकर रंगदारी मांगी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर कार्रवाई की गई।

ऐसे चलता था रंगदारी का खेल : गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम बालीडीह और जरीडीह थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में छापेमारी करने पहुंची, तो मुख्य आरोपी प्रिंस गुप्ता ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य पहले व्यापारियों के मोबाइल नंबर जुटाते थे, फिर गैंग के नाम पर उन्हें धमकी दिलवाकर मोटी रकम की मांग करते थे। इस पूरे नेटवर्क को प्रिंस गुप्ता ऑपरेट कर रहा था, जिस पर पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं—देसी कट्टा और पिस्टल, कारतूस, कार्बाइन मैगजीन, मोबाइल फोन और सिम कार्ड, स्कूटी, पर्स और नकदी। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानव स्रोतों की मदद से इस गैंग का पर्दाफाश किया। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद बोकारो के व्यापारियों में राहत का माहौल है। लंबे समय से मिल रही धमकियों से परेशान कारोबारी अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Spread the love