Eksandeshlive Desk
रांची : रांची लोकसभा क्षेत्र में कला, संस्कृति और स्वदेशी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1, 2 और 3 मई को ऑड्रे हाउस में ‘सांसद सांस्कृतिक महोत्सव एवं स्वदेशी मेला-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन रक्षा राज्य मंत्री संजय सेथ के मार्गदर्शन में होगा। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संजय सेठ ने महोत्सव की घोषणा करते हुए इसे कला, संस्कृति और स्वदेशी का अनूठा संगम बताया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में रांची लोकसभा क्षेत्र के बच्चे, युवा, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिक बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से स्वदेशी और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में क्षेत्र के 50 से अधिक स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
महोत्सव के तहत छह प्रमुख विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें ग्रुप लोक नृत्य, ग्रुप शास्त्रीय नृत्य, जनजातीय नृत्य, स्किट (लघु नाटक), सामूहिक गायन और बैंड प्रतियोगिता शामिल हैं। प्रतिभागियों को जूनियर (10-17 वर्ष) और सीनियर (18 वर्ष से अधिक) वर्ग में विभाजित किया जाएगा। सामूहिक गायन में अर्धशास्त्रीय, लोक और देशभक्ति गीतों के साथ वेस्टर्न एवं फ्यूजन म्यूजिक बैंड को भी शामिल किया गया है। तीन दिवसीय यह आयोजन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि शाम 6 बजे के बाद विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वदेशी मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को मजबूत किया जाएगा। मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें केवल उन स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों को स्थान दिया जाएगा, जो स्वयं अपने उत्पाद तैयार करते हैं। स्वदेशी मेले में झारखंडी उत्पाद, पारंपरिक वेशभूषा, स्थानीय खानपान और मिलेट (मोटा अनाज) को विशेष रूप से प्रदर्शित और प्रोत्साहित किया जाएगा। सभी स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बाजार से जोड़ने का बेहतर अवसर मिल सके। इस पत्रकार वार्ता में पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मधु मंसूरी, वरिष्ठ नाट्य कलाकार अजय मलकानी, पूनम आनंद, मुकेश काबरा, एसडी सिंह, पवन बजाज, ऐश्वर सेठ, रमेंद्र कुमार, नीरज चौधरी मौजूद रहे।
