News by Mustaffa
मेसरा : राजधानी रांची के बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो बीएड कॉलेज में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। गरिमामय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो ने बाबा साहेब की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर पूरा महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा। जयंती के विशेष अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए अन्तर-सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य केंद्र डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष,उनके विचार और भारतीय संविधान रहा। कड़े मुकाबले में प्रथम स्थान टैगोर हाउस,द्वितीय स्थान गाँधी हाउस और तृतीय स्थान विवेकानन्द हाउस रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा डॉ. अंबेडकर ने न केवल संविधान की रचना की,बल्कि समाज में समानता और न्याय के मूल्यों को स्थापित किया। वहीं निदेशक मनोज कुमार महतो ने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी साधन है और हमें उनके बताए समतामूलक समाज के मार्ग पर चलना चाहिए। प्राचार्य डॉ. दूधेश्वर महतो ने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान मुख्य रूप से ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पूनम कुमारी सहित सभी व्याख्यातागण और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।
