रांची विश्वविद्यालय की नई कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने बिरसा मुंडा और डॉ. अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

360° Ek Sandesh Live

News by sunil

रांची: रांची विश्वविद्यालय की नवनियुक्त कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने मंगलवार को अपना कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय परिसर स्थित परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट्स विभाग में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती पर आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं और अपने कार्यों की शुरुआत उनके आशीर्वाद से करना उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने इसे अपने नए दायित्व के लिए संकल्प और ऊर्जा देने वाला क्षण बताया।इसके बाद वे परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट्स विभाग पहुंचीं, जहां उन्होंने एक बार फिर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय की डिप्टी डायरेक्टर (वोकेशनल) डॉ. स्मृति सिंह ने अन्य शिक्षकों के साथ कुलपति का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। साथ ही उन्हें भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा भेंट की गई।
कार्यक्रम के क्रम में कुलपति लॉ डिपार्टमेंट (आईएलएस) भी पहुंचीं, जहां उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत का समतामूलक समाज, सशक्त संविधान और सफल लोकतंत्र बाबा साहेब की अमूल्य देन है। उनके विचारों और कार्यों के कारण ही देश अपने लोकतांत्रिक मूल्यों पर गर्व करता है और हम सभी उनके प्रति सदैव ऋणी रहेंगे।कुलपति ने सभी को बाबा साहेब की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आईएलएस विभाग का संविधान से विशेष संबंध है, इसलिए आने वाले वर्षों में 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की जयंती को और अधिक गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।-

Spread the love