लातेहार। चंदवा प्रखंड के डुमारो पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। अक्सर बंद रहने वाला यह भवन अब ग्रामीणों के आक्रोश का केंद्र बन चुका है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पंचायत सचिव केवल अत्यंत आवश्यकता पर ही कार्यालय खोलते हैं, अन्यथा यह हमेशा ताला लगा रहता है। प्रतिदिन न खुलने के कारण छोटे-मोटे कार्यों जैसे प्रमाण-पत्र बनवाना, सहायता राशि प्राप्त करना या अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए ग्रामीणों को चंदवा मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, पंचायत भवन बंद होने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष कठिनाई हो रही है। फोन पर संपर्क करने पर पंचायत सचिव ने सफाई दी कि उनकी तबीयत खराब होने के कारण पिछले एक सप्ताह से वे चंदवा में नहीं हैं और कार्यालय नहीं आ पा रहे। उन्होंने जल्द ही स्थिति सामान्य होने का आश्वासन दिया।
यह समस्या लातेहार जिले की कई पंचायतों में आम है, जहां अधिकारी अनुपस्थिति से ग्रामीण सेवाएं ठप हो जाती हैं।
