News by Mustaffa
मेसरा : राजधानी राँची के कांके प्रखंड अंतर्गत केदल पंचायत के ग्राम होम्बई स्थित अखड़ा में 20 अप्रैल (दिन सोमवार) को सुबह 8 बजे एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) यानी पेसा नियमावली 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पूर्व सूचना के आधार पर इस बैठक का आयोजन ग्राम प्रधान मधु पाहन की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्राम सभा को प्रशासनिक और वित्तीय रूप से और अधिक सक्रिय और सशक्त बनाना था। बैठक में पेसा नियमावली 2025 के प्रावधानों पर विशेष रूप से चर्चा की गई और सभा ने एकमत होकर कई प्रस्ताव पारित किए। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव संख्या 02 के तहत महादेव करमाली,पिता स्वर्गीय किनू करमाली को सहायक सचिव पद के लिए चुना गया। वहीं प्रस्ताव संख्या 03 के अंतर्गत ग्राम सभा कार्यालय के लिए वर्तमान में खाली पड़ी रा.प्रा.वि. केदल की इमारत को चिन्हित किया गया। प्रस्ताव संख्या 04 और 05 में ग्राम सभा होम्बई के वित्तीय संचालन के लिए जोब बैंक,नेवरी शाखा में बैंक खाता खुलवाने और इसके संचालन हेतु सदस्यों का चयन किया गया,जिसमें अध्यक्ष मधु पाहन,सचिव झब्बुलाल महतो और कोषाध्यक्ष जयंती देवी को चुना गया। इस ग्राम सभा में मुखिया आर मुंडा,पंचायत समिति सदस्य लीलावती देवी,होम्बई गांव के समस्त वार्ड सदस्य,समाजसेवी एवं भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे,जिन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज़ कर अपने हस्ताक्षर किए। बैठक के अंत में श्रवण करमाली,सरिता देवी,मधु पाहन सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर और पंचायत की मोहर लगाकर कार्यवाही का समापन किया गया।
