सड़क हादसे में शिक्षक की मौत: तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा

360° Ek Sandesh Live Road Accident

News by Mustaffa

मेसरा (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुटुपालू घाटी स्थित पुंदाग टोल प्लाजा के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान विकाश कुमार शर्मा (33 वर्ष) के रूप में हुई है,जो जमशेदपुर के बागबेड़ा (श्याम नगर) के रहने वाले थे। विकाश रामगढ़ से रांची की ओर अपनी बाइक से जा रहे थे,तभी यह हादसा हुआ। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार,विकाश कुमार शर्मा अपने भाई की मोटरसाइकिल (संख्या जेएच 05 सीजे 6530) से रामगढ़ से रांची के लिए निकले थे। वे रांची स्थित डीएवी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे टोल प्लाजा से महज 50 मीटर की दूरी पर पीछे से आ रही कोहिनूर ट्रेवल्स की बस (संख्या बीआर 02 पीए 8306) ने उनकी बाइक को पिछे से जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक,बस चालक बेहद लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। ​हादसे के बाद घायल विकाश को आनन-फानन में रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि,नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल में इलाज के दौरान सुबह लगभग 9:32 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ​घटना की सूचना मिलते ही मृतक के बड़े भाई राजू कुमार शर्मा व अन्य परिजन रांची पहुंचे। बड़े भाई ने ओरमांझी थाने में आवेदन देकर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पु.नि. सह थाना प्रभारी ओरमांझी शशिभूषण चौधरी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बस और बाइक को कब्जे में लेने की प्रक्रिया जारी है। आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है।

Spread the love