By Mustaffa
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को बनाया ‘गणना दूत’: घर-घर अलख जगाने की अपील
मेसरा (रांची): भविष्य की योजनाओं के सटीक निर्माण में जनगणना की अहमियत को देखते हुए सोमवार को ओरमांझी स्थित माउंट कार्मेल विद्यालय में ‘स्व-गणना अभियान’ के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्कूली बच्चों को डिजिटल माध्यम से स्वयं की गणना करने की बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (प्रखंड विकास पदाधिकारी) कामेश्वर बेदिया ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्व-गणना न केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है,बल्कि एक नागरिक कर्तव्य भी है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने माता-पिता को इस अभियान के प्रति जागरूक करें और ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी भरने में उनकी मदद करें। मास्टर ट्रेनर कुमार भागीरथ सिंह और अंकेश अनुपम श्रीवास्तव के साथ कोऑर्डिनेटर अविनाश कुमार सौरव ने कंप्यूटर लैब में बच्चों को लाइव डेमो दिया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को बताया गया कि कैसे वे बिना किसी त्रुटि के डेटा फीड कर सकते हैं। ट्रेनिंग के बाद छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। विद्यालय के डायरेक्टर फादर दीपक ने इस पहल को राष्ट्रहित में बताते हुए आए हुए सभी अधिकारियों की सराहना की और उन्हें अंगवस्त्र(सॉल) एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्राचार्या सिस्टर टेसीन ने भी बच्चों को इस सामाजिक जिम्मेदारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक निश्चल परिहार,अरुण कुमार,सत्येंद्र कुमार,फिरोज अंसारी और शिव शंकर दत्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ,जिसके बाद सभी छात्रों ने अपने मोहल्ले और घर में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
