News by Nutan
लोहरदगा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार, जिला कांग्रेस कमिटी लोहरदगा के तत्वावधान में सोमवार को राजेन्द्र भवन, लोहरदगा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार के विरोध एवं सच्चाई को जनता के समक्ष रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को महिला प्रधानमंत्री, महिला मुख्यमंत्री एवं महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष देकर महिलाओं को सर्वोच्च नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार महिला आरक्षण बिल की आड़ में अपनी नीतिगत विफलताओं को छुपाने का प्रयास कर रही है। बिना जाति जनगणना के परिसीमन जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाना सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर घटनाएँ सामने आई हैं, जिनमें कुछ मामलों में सत्ताधारी दल से जुड़े व्यक्तियों के नाम भी सामने आए।
उन्नाव कांड (उत्तर प्रदेश) में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप सिद्ध हुआ और उन्हें सजा मिली। महिला पहलवान उत्पीड़न मामला (2023) में भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला खिलाड़ियों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए, जिसके विरोध में खिलाड़ियों को सड़क पर उतरना पड़ा। इसके अलावा,जम्मू-कश्मीर के कठुआ में एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे देश को शर्मसार किया। दुख की बात यह रही कि कुछ लोग आरोपियों के समर्थन में भी खड़े नजर आए। हाथरस की घटना ने भी हमें सोचने पर मजबूर किया, जहाँ एक दलित बेटी के साथ अत्याचार के बाद जिस तरह से रातों-रात अंतिम संस्कार किया गया, उसने संवेदनशीलता पर सवाल खड़े किए। तथा मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह है। जहाँ महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हुए। प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया। इस पहल से लाखों महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला और ग्रामीण राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हुई। आज भी यह मॉडल महिला सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के अधिकार और सम्मान की पक्षधर रही है। जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही महिला आरक्षण की नींव रखी और इसे लागू करने की दिशा में निरंतर प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक राजनीति में भारत की स्थिति तभी मजबूत होगी जब देश के अंदर महिलाओं को वास्तविक सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर मिलेगा। वर्तमान समय में यह आवश्यक है कि महिला सशक्तिकरण केवल कानून तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव जमीन पर दिखे। कांग्रेस की नीतियाँ हमेशा इस दिशा में केंद्रित रही हैं। प्रेस वार्ता कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव, जिला महासचिव संतोषी उराँव, RGPRS के संयोजक संदीप गुप्ता, OBC स्टेट कोऑर्डिनेटर संतोष महतो, युवा जिलाध्यक्ष दानिश अली, जिला युवा उपाध्यक्ष गुलाम जिलानी, आफताब अंसारी, अनीमा कुजूर, युवा सेन्हा प्रखंड अध्यक्ष मुदसीर अंसारी, स्वाति महली सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
