99.60% अंक लाकर प्रेम कुमार साहु बने स्टेट टॉपर

Education Ek Sandesh Live

​शत-प्रतिशत रहा ‘प्रेमचंद उच्च विद्यालय का रिजल्ट: 153 छात्र सफल, प्रेम कुमार ने 500 में से बटोरे 498 अंक

MD MUSTFA

​मेसरा (राँची): झारखंड माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणामों में राजधानी के निकट मेसरा स्थित ‘प्रेमचंद उच्च विद्यालय’ के विद्यार्थियों ने सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के मेधावी छात्र प्रेम कुमार साहु ने 500 में से 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर न केवल स्कूल, बल्कि पूरे राज्य की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान (स्टेट टॉपर) हासिल कर इतिहास रच दिया है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार,इस वर्ष परीक्षा में शामिल सभी 153 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। ​प्रथम श्रेणी से 73 छात्र और ​द्वितीय श्रेणी से 80 छात्र,शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की खबर मिलते ही स्कूल परिसर में उत्सव का माहौल छा गया और मिठाइयाँ बाँटी गईं। ​मेधा सूची के ‘सुपर स्टार्स’ ​प्रेम कुमार साहु की इस अविश्वसनीय उपलब्धि के अलावा अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। ​कुमार सत्यजीत ने 97.80% अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। ​नैतिक कुमार केशरी 94.40% अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे। ​छात्राओं में मनीषा कुमारी (93.60%) और कंचन कुमारी (93.40%) ने टॉप-5 में जगह बनाकर महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की। ​इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर स्कूल के सचिव संजय कुमार महतो एवं प्राचार्य उपेन्द्र प्रसाद ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा,प्रेम कुमार साहु का स्टेट टॉपर बनना हमारे विद्यालय के लिए स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाने वाला पल है। यह सफलता शिक्षकों के रात-दिन के परिश्रम और विद्यार्थियों की एकाग्रता का प्रतिफल है। मेसरा जैसे क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर पर नाम रोशन करना गौरव की बात है। इस ऐतिहासिक जीत पर शिक्षक राजवल्लभ प्रसाद, सुरेश बड़ाइक, कुश कुमार, नागेश्वर महतो, उर्मिला देवी, शशिकला देवी एवं श्रीकांत महतो सहित पूरे विद्यालय परिवार ने बच्चों के सुखद भविष्य की मंगलकामना की है।

Spread the love